Breaking News

गोंदियाः नक्सलियों द्वारा छिपायी गई विस्फोटक सामग्री बरामद

Nagpur Today : Nagpur News

पुलिस ने बेरोटाला से धानोरी पहाड़ी क्षेत्र में चलाया सर्च ऑपरेशन

गोंदिया। आगामी ग्राम पंचायत व जिला परिषद चुनावों को बाधित करने तथा पुलिस पार्टी पर घात लगाकर हमला करने के उद्देश्य से नक्सलियों द्वारा जंगल के भीतर छिपाकर रखे गए विस्फोटक साहित्य को जिला पुलिस प्रशासन ने बरामद करते हुए नक्सलियों के मंसूबों को नाकाम कर दिया।

दरअसल पुलिस के खुफिया विभाग को इस बात की गुप्त सूचना मिली कि, केशोरी थाना क्षेत्र अंतर्गत सशस्त्र दूरक्षेत्र भरनोली के जंगल परिसर में नक्सलियों द्वारा बड़ी हिंसक वारदात को अंजाम देने के लिए विस्फोटक सामग्री छुपायी गई है। सूचना मिलते ही तत्काल पुलिस प्रशासन हरकत में आ गया।

जिला पुलिस अधीक्षक विश्‍व पानसरे, अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी जालिंदर नालकुल के मार्गदर्शन में नवेगांवबांध के सी-60 कमांडो, सशस्त्र दूरक्षेत्र भरनोली के अधिकारी व कर्मचारियों, बीडीडीएस पथक के संयुक्त तत्वधान में भरनोली जंगल के बीच डिटेक्टर जैसे सुरक्षा उपकरणों के साथ सर्च ऑपरेशन चलाया गया, इस दौरान बोरटोला से धानोरी पहाड़ी उत्तर क्षेत्र में पत्थरों के बाजू में कुछ संदिग्ध वस्तुएं दिखायी दी जिसपर श्‍वान पथक व बीडीडीएस पथक की सहायता से बारिकी से निरीक्षण करते हुए नक्सलियों द्वारा छुपाकर रखे गए एक जर्मन डिब्बे को बाहर निकाला गया जिसमें काले रंग का विस्फोटक पाऊडर, लोहे के खीले, कांच,वायर आदि विस्फोटक सामग्री पायी गयी।

उक्त सामग्री को जब्त करते हुए इस प्रकरण के संदर्भ में केशोरी थाने में अ.क्र. 06/2021 की धारा 307, सहकलम 18, 20, 23 यु.ए.पी.ए. सहकलम 4, 5 भारतीय विस्फोटक पदार्थ कानून के तहत नक्सलियों के खिलाफ अपराध दर्ज कर लिया गया है। आगे की जांच उपविभागीय पुलिस अधिकारी जालिंदर नालकुल के मार्गदर्शन में जारी है।

जिला पुलिस अधीक्षक विश्‍व पानसरे के मार्गदर्शन तथा अपर पुलिस अधीक्षक अतुल कुलकर्णी, उपविभागीय पुलिस अधिकारी जालिंदर नालकुल के नेतृत्व में उक्त कार्रवाई को अंजाम केशोरी थाने के सपोनि इंगले, पोउपनि मारन, सी-60 काटंगे कमांडो पथक के पोउपनि नागरे, बीडीडीएस व श्‍वान पथक गोंदिया के अधिकारी व कर्मचारियों की ओर से दिया गया।

रवि आर्य

गोंदियाः नक्सलियों द्वारा छिपायी गई विस्फोटक सामग्री बरामद



from Nagpur Today : Nagpur News https://ift.tt/3oyCwlA
via

No comments